2027 में जवाब देने का दावा
सुलतानपुर 11 मई (आरएनएस)। संसद में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल का विरोध किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को कुड़वार ब्लॉक सभागार परिसर में आयोजित महिला जन आक्रोश अभियान के तहत भाजपा महिला मोर्चा एवं महिला कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद और समाजवादी पार्टी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए सपा पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध कर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने अपनी वास्तविक सोच जनता के सामने उजागर कर दी है। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी आगामी चुनावों में इसका करारा जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का विरोध सपा और विपक्षी दलों को वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारी पड़ेगा। भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहा है। भाजपा आईटी सेल की जिला सह-संयोजक कुसुमलता मौर्य एवं माधुरी मिश्रा के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में धम्मौर, कुड़वार, शिवनगर, पीपरगांव और बल्दीराय मंडल की बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक कुसुमलता मौर्य और माधुरी मिश्रा ने उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया। जिला मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी ने जानकारी दी कि 12 मई को सदर विधानसभा क्षेत्र की महिलाएं बरौसा में समाजवादी पार्टी और सांसद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान विमला देवी, सुशीला पाल, राजकुमारी, आरती, अनीता त्रिपाठी, विमला यादव, सोनी, गायत्री सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

