कादीपुर/सुल्तानपुर 11 मई (आरएनएस)। तहसील क्षेत्र के ग्राम बडग़ांव में कब्रिस्तान की सुरक्षित भूमि पर अवैध खनन और कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने गांव के ही ऋषि तिवारी पुत्र लालमणि तिवारी समेत अन्य लोगों पर दबंगई के बल पर सरकारी जमीन को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा है।
ग्रामीणों के अनुसार गाटा संख्या 386 (रकबा 0.190 हेक्टेयर) और 385 क (रकबा 0.0530 हेक्टेयर), जो राजस्व अभिलेखों में कब्रिस्तान के नाम दर्ज है, पर 4 और 5 मई की रात जेसीबी मशीन लगाकर अवैध खनन किया गया। आरोप है कि रात के अंधेरे में करीब 100 ट्रॉली मिट्टी वहां से हटाई गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित पक्ष के लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट पर आमादा हो गए। साथ ही धमकी भी दी गई, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले में मो. यासीन, अब्बास अली समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से कब्रिस्तान की भूमि की पैमाइश कराने, अवैध कब्जे की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कब्रिस्तान की जमीन को अतिक्रमण और अवैध खनन से मुक्त कर सुरक्षित कराने की अपील की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

