जौनपुर 11 मई (आरएनएस)। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद में श्रद्धा, आस्था एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाडिय़ा, अपर जिलाधिकारी द्वय अजय अंबष्ट, परमानन्द झा सहित अन्य अधिकारीगण की उपस्थिति में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा कलेक्ट्रेट परिसर से प्रारंभ होकर डाक बंगला चैराहा होते हुए पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर तक पहुँची, जहां पर मंदिर में विधिवत पूजन अर्चन किया गया तथा लोगों में प्रसाद का वितरण किया गया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में अत्यंत उत्साह एवं भक्ति भाव देखने को मिला। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक एवं धार्मिक वातावरण को और अधिक आकर्षक बनाया। हर-हर महादेव एवं भगवान शिव के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं एवं आमजनमानस द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत भी किया गया। कलश यात्रा में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं शिक्षक एवं आमजन उपस्थित रहे। यात्रा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं धार्मिक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न तहसील, विकास खंड, ग्राम पंचायतों में भी शिव मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा शिवालयों में मंत्रोच्चार, ओंकार जाप, महाआरती रुद्राभिषेक, दीपोत्सव तथा भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ इसमें स्थानीय समुदाय द्वारा जनभागीदारी की गई। साथ ही विभिन्न विद्यालयों में पेंटिंग, रंगोली सहित अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। संचालन शिक्षिका नूपुर श्रीवास्तव द्वारा किया गया। विभिन्न अधिकारीगण, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

