जौनपुर 11 मई (आरएनएस)। दूल्हे आजाद बिंद हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपियों की तलाश में अब स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) भी शामिल हो गई है। इन तीनों आरोपितों पर इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। फरार आरोपितों में आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के चिकसांवा निवासी प्रदीप बिंद, खेतासराय थाना क्षेत्र के सौंधी निवासी रवि यादव और सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जपटापुर के भोले राजभर शामिल हैं। एसआइटी के साथ-साथ पुलिस की दस टीमें भी इनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। हालांकि, मुख्य आरोपित अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ ने इस मामले में कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस को आरोपितों को शरण देने वालों के बारे में भी अहम सुराग मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इस मामले में जल्द ही बड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह पहला मौका है जब किसी हत्याकांड के फरार आरोपितों पर इतनी जल्दी इनाम की राशि बढ़ाई गई है। ज्ञात हो कि यह घटना 1 मई की रात को हुई थी। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ठर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहो) निवासी मोरख नाथ बिंद की पुत्री सोनी बिंद के साथ तय हुआ था। बारात लेकर जाते समय, रात में लगभग सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार रोक ली। हमलावरों ने आजाद बिंद को गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। आजाद बिंद के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अब तक कई शरणदाताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हत्याकांड के बाद दुल्हन ने हत्या का आरोप ममेरे भाई पर लगाया था। दोनों की लव मैरिज से ममेरा भाई प्रदीप नाखुश था। आरोप है कि उसने ही अपने दोस्तों के साथ मिलकर दूल्हे की गोलियां मारकर हत्या कर दी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

