जौनपुर 11 मई (आरएनएस)। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के भलुआही रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिला। स्थानीय लोगों ने ट्रैक के किनारे क्षत-विक्षत शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस तथा रेलवे अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही बदलापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। हालांकि, घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। घटना स्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन हादसे का लग रहा है। हालांकि, अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना दुर्घटना है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पाण्डेय ने बताया कि महिला की शिनाख्त की जा रही है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

