जौनपुर 11 मई (आरएनएस)। पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने सम सेमेस्टर परीक्षाओं के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। यह निर्णय प्रतियोगी परीक्षाओं और टीजीटी-पीजीटी परीक्षा में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर जनपद के महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीएससी एजी की सम सेमेस्टर परीक्षाएं अब 18 मई से शुरू होंगी। हालांकि, एलएलबी और एलएलएम की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 मई से ही आयोजित की जाएंगी। विधि पाठ्यक्रमों की परीक्षा तिथियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बताया कि बीएससी एजी तथा एलएलबी-एलएलएम की परीक्षाएं संपन्न होने के तुरंत बाद बीएड, एमएड और बीपीएड सम सेमेस्टर की परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। इन परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुरू कर दी है। संबद्ध महाविद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी भेजे जा रहे हैं ताकि परीक्षाएँ सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

