बाराबंकी 11 मई (आरएनएस)। बीते रविवार को सांसद तनुज पुनिया के आवास के घेराव और प्रदर्शन के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में नूर आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद के आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया था। इस कार्यक्रम का सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण किया जा रहा था। आरोप है कि इसी लाइव प्रसारण के दौरान नूर आलम नामक व्यक्ति ने भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी ने शहर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की गई ये टिप्पणियां महिलाओं का घोर अपमान हैं और इनसे महिला कार्यकर्ताओं तथा आम जनता में गहरा रोष है। भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित वीडियो की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

