लखनऊ 11 मई (आरएनएस )। राजधानी के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में रविवार सुबह मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। ग्राम ढ़ेडेमऊ स्थित सरकारी शराब की दुकान पर कार्यरत एक कर्मचारी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक को भी चोटें आईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे थाना मलिहाबाद पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ढ़ेडेमऊ क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान अजय जायसवाल (35) पुत्र रामऔतार जायसवाल निवासी सैय्यद बाड़ा, थाना मलिहाबाद के रूप में हुई। अजय ग्राम ढ़ेडेमऊ में स्थित सरकारी शराब की दुकान पर कार्यरत था।प्रारंभिक जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ में सामने आया कि रविवार सुबह अजय जायसवाल का गांव निवासी ननक्के कश्यप (35) पुत्र राम स्वरूप कश्यप से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में लोहे की रॉड उठाकर अजय के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अजय लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।घटना के दौरान जब रज्जन (35) नामक युवक ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो वह भी हमले की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था।पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। फोरेंसिक साक्ष्य संकलन के साथ घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के पीछे की वजह स्पष्ट की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस तरह मामूली विवाद ने हत्या का रूप लिया, उससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपित की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

