लखनऊ, 11 मई(आरएनएस )। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को अब देशहित के हर निर्णय में राजनीति दिखाई देने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश वैश्विक चुनौतियों के बीच आत्मनिर्भरता, संसाधनों के संरक्षण और राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है, तब समाजवादी पार्टी जैसे दल जनता को भ्रमित करने और नकारात्मक राजनीति करने में लगे हैं।पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से ऊर्जा बचत, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, अनावश्यक खर्चों में संयम और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की है। यह किसी प्रकार की कमजोरी नहीं, बल्कि जिम्मेदार और दूरदर्शी नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देशवासियों को साझी जिम्मेदारी का संदेश दिया है, लेकिन समाजवादी पार्टी इसे भी राजनीतिक नजरिए से देखकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। कोरोना महामारी, वैश्विक आर्थिक मंदी और अंतरराष्ट्रीय बाजार की अस्थिरता के बावजूद देश ने विकास की गति बनाए रखी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, स्टार्टअप, रक्षा उत्पादन, रेलवे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और मेट्रो जैसे क्षेत्रों में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है और दुनिया भारत के निर्णायक नेतृत्व तथा स्थिर नीतियों की सराहना कर रही है।उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिनके शासनकाल में उत्तर प्रदेश बिजली संकट, भ्रष्टाचार, दंगों, माफियावाद और खराब कानून व्यवस्था से जूझ रहा था, वे आज सुशासन और अर्थव्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। जनता भूली नहीं है कि समाजवादी पार्टी के शासन में प्रदेश की पहचान अपराध और दंगों से जुड़ गई थी, निवेशक प्रदेश में आने से डरते थे और बेटियां असुरक्षित महसूस करती थीं।पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को मुफ्त राशन, किसानों को किसान सम्मान निधि, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर देने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और आज दुनिया भारत की बात गंभीरता से सुनती है।उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के बयान उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाते हैं। लगातार चुनावी हार के बाद समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है और केवल सुर्खियां बटोरने के लिए राष्ट्रीय मुद्दों पर बयानबाजी कर रही है। उन्होंने विपक्ष से राष्ट्रहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनता अब विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व की राजनीति को समर्थन दे रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

