लखनऊ 11 मई (आरएनएस )। राजधानी के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और उससे शादी करने के मामले में पुलिस ने छह माह से फरार चल रहे आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर शिवपुरी-कठवारा मार्ग स्थित रणबाबा पुलिया के पास से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से शादी का प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और शादी से संबंधित फोटो भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत 1 नवंबर 2025 को हुई थी, जब पीडि़ता के पिता ने थाना बीकेटी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा लिया गया है और उसके साथ शादी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर थाना बीकेटी में मुकदमा संख्या 461/2025 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस टीम लगातार किशोरी और आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 6 मई 2026 को पुलिस ने पीडि़ता को बरामद कर लिया। पीडि़ता की बरामदगी के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय रूप से तलाश अभियान तेज कर दिया।सोमवार सुबह बीकेटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी शिवपुरी-कठवारा मार्ग पर रणबाबा के पास पुलिया के निकट मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान विपिन पाल उर्फ नितिन (22) पुत्र सुदर्शन पाल निवासी ग्राम पियरी पोस्ट बिहट, थाना रामकोट, जनपद सीतापुर के रूप में बताई। आरोपी ई-रिक्शा चालक बताया जा रहा है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से शादी का प्रमाण पत्र, आईडी प्रूफ और शादी से संबंधित फोटो बरामद हुई हैं, जिन्हें साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए जुर्म कबूल किया और माफी मांगने की बात कही।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मुकदमे में वांछित था, जिसके चलते उसे नियमानुसार हिरासत में लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।इस कार्रवाई को थाना बीकेटी पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक विपिन कुमार उपाध्याय और कांस्टेबल मन्दीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

