हरिद्वार,11 मई (आरएनएस)। जमालपुर कला-फुटबॉल ग्राउंड सड़क पर प्रस्तावित सीवर लाइन कार्य को फिलहाल रुकवा दिया गया है। क्षेत्र के लोगों की नाराजगी और उनके धरने को देखते हुए पेयजल निर्माण निगम की परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने फिलहाल इस सड़क पर सीवर लाइन का कार्य कुछ समय के लिए रोके जाने की बात धरना स्थल पर कही है। ग्राम पंचायत जमालपुर कला की क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाने की मांग को लेकर मित्र विहार कॉलोनी तिराहे पर चल रहे धरने के बीच पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी कॉलोनियों के लिए सीवर लाइन परियोजना पर काम शुरू नहीं होता, तब तक फुटबॉल ग्राउंड सड़क पर सीवर लाइन का कार्य नहीं कराया जाएगा। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री ने पेयजल निर्माण निगम की परियोजना निदेशक मीनाक्षी मित्तल को भी इस संबंध में अवगत कराया। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि आगामी 20 दिनों के भीतर क्षेत्र की कॉलोनियों में सीवर लाइन बिछाने के लिए सर्वे और डीपीआर तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद पूरी योजना के तहत कार्य शुरू कराया जाएगा। उनके आश्वासन के बाद सीवर लाइन एकता संघर्ष समिति ने अपना धरना स्थगित करने की घोषणा कर दी। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की कई कॉलोनियां लंबे समय से सीवर लाइन की समस्या से जूझ रही हैं। ऐसे में केवल फुटबॉल ग्राउंड सड़क पर कार्य शुरू किए जाने का विरोध किया जा रहा था। आंदोलनकारियों की मांग थी कि पहले सभी कॉलोनियों के लिए समग्र योजना बनाई जाए। समिति के संयोजक राजवीर सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से सुना गया है और अब लोगों को समाधान की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर एसके शर्मा, समिति के अध्यक्ष पंकज चौधरी, गोविंद सिंह राणा, प्रदीप भंडारी ?, कविता जोशी, डा. जोशी, शिव प्रकाश शुक्ला, सोनू रावत, अवतार सिंह चौहान, चंद्र सिंह रावत राकेश आर्य, राजकुमार, स्वरूप सिंह, भारत सिंह पासवान, राज किशोर, विशाल चौधरी, चेतन चौधरी, वर्षा तेवतिया, विकास सैनी, चौधरी नाथीराम, चौधरी जगवीर सिंह, अविनाश शर्मा, अश्वनी शर्मा आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

