– एसओजी की गोली से घायल हुए आरोपीय 7 लाख के जेवरात बरामद
सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। जनपद के अटरिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो 50-50 हजार रुपये के इनामिया अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एसओजी और अटरिया पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई इस मुठभेड़ में दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात, अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ शातिर बदमाश अटरिया थाना क्षेत्र में सक्रिय हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के बाद एसओजी टीम और अटरिया पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान नहर कोठी के पास संदिग्ध बाइक सवार बदमाश दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और बदमाशों के बीच कई राउंड गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाशों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद फरीद और बैजनाथ उर्फ धीरज के रूप में हुई है। मोहम्मद फरीद थाना सिधौली क्षेत्र के मोहल्ला सराय बाड़ी का निवासी बताया गया है, जबकि बैजनाथ उर्फ धीरज थाना संदना क्षेत्र के नंदवन गांव का रहने वाला है। दोनों शातिर अपराधियों पर आईजी रेंज लखनऊ की ओर से 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। दोनों लंबे समय से चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, करीब 45 ग्राम सोने के जेवरात तथा 2700 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सोने के जेवरों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित है और इनके जरिए कई घटनाओं के खुलासे की संभावना है। एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अटरिया में दर्ज मुकदमा संख्या 91/26 और 99/26 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई चल रही थी। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी। उन्होंने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसपी ने यह भी कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ-साथ यह पता लगाने में भी लगी है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

