– मोबाइल और रुपये गायबय परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। थानगांव थाना क्षेत्र के थौरा ग्राम स्थित थानगांव-राजपुर रोड पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन पुलिया के अंदर युवक का शव उसकी क्षतिग्रस्त बाइक समेत पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान 42 वर्षीय सरवन बाजपेई पुत्र रामसेवक बाजपेई निवासी ग्राम कटोलिया मजरा नसीरपुर देवरिया के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सरवन बाजपेई रविवार शाम करीब 5 बजे किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिलता रहा। पूरी रात परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह राहगीरों ने निर्माणाधीन पुलिया के भीतर एक क्षतिग्रस्त बाइक और खून से लथपथ शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि सरवन गल्ला मंडी से रुपये लेकर लौट रहे थे, लेकिन घटनास्थल से उनका मोबाइल फोन और रुपये गायब मिले हैं। ऐसे में परिवार और ग्रामीणों ने हत्या कर शव को पुलिया में फेंके जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पूरी घटना को सड़क हादसे का रूप देकर अपराध छिपाने की कोशिश की गई है। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष विमल गौतम ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं। थानाध्यक्ष विमल गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

