– रास्ते में जलकर राख हुआ सीएनजी-रिक्शा
सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। जनपद के तंबौर-रेउसा मार्ग पर खरौहां स्थित एक पेट्रोल पंप के पास सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट के चलते चलती सीएनजी-रिक्शा में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे रिक्शे को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर पूरी तरह राख हो गया। रिक्शा चालक अवध राम पुत्र शुभकरन निवासी नकहा कनौरा थाना रेउसा, लखनऊ में पिछले पांच वर्षों से किराए पर सीएनजी-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। बताया गया कि वह अपनी बहन की शादी का सामान लेकर लखनऊ से गांव लौट रहा था। मंगलवार को उसकी बहन की शादी होनी है। जैसे ही वह रेउसा-तंबौर मार्ग पर खरौहां पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी रिक्शा में शॉर्ट सर्किट हो गया और उसमें आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चालक किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकला, लेकिन शादी का सामान और रिक्शा आग की भेंट चढ़ गए। घटना की सूचना मिलते ही खरौहां फायर स्टेशन की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक रिक्शा पूरी तरह जल चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

