– नियमों से ऊपर हैं जिम्मेदार?
संदना/सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। एक ओर जहां यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग आम लोगों पर सख्ती दिखाते नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखी एक बिना नंबर प्लेट की गाड़ी क्षेत्र में खुलेआम दौड़ती दिखाई दे रही है। मामला विकास खंड गोंदलामऊ का है, जहां यह वाहन इन दिनों लोगों के बीच चर्चा और सवालों का विषय बना हुआ है। बताया जा रहा है कि उक्त गाड़ी पर बड़े अक्षरों में “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखा हुआ है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वाहन पर कोई नंबर प्लेट तक नहीं लगी है। इसके बावजूद यह गाड़ी रोजाना ब्लॉक परिसर से लेकर क्षेत्र की सड़कों पर बेखौफ दौड़ती देखी जा सकती है।स्थानीय लोगों के मुताबिक जानकारी करने पर पता चला कि वाहन का इस्तेमाल ब्लॉक गोंदलामऊ में तैनात सीडीपीओ अजीत वर्मा द्वारा किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय से यह गाड़ी बिना नंबर प्लेट के क्षेत्र में घूम रही है, लेकिन न तो परिवहन विभाग ने कोई कार्रवाई की और न ही यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर कोई ध्यान दिया। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि यदि कोई आम नागरिक बिना नंबर प्लेट के वाहन लेकर सड़क पर निकलता है तो पुलिस तत्काल चालान काट देती है, लेकिन सरकारी नाम लिखी इस गाड़ी पर नियम लागू होते नजर नहीं आ रहे। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस वाहन पर पडऩे के बावजूद मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब वाहन पर “उत्तर प्रदेश सरकार” लिखवाने की पूरी व्यवस्था हो सकती है, तो नंबर प्लेट लगवाने में आखिर क्या दिक्कत है। लोगों का यह भी कहना है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी ही यातायात नियमों का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता में कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता कैसे बढ़ेगी। क्षेत्र में यह मामला अब चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या सरकारी पद और सरकारी नाम का इस्तेमाल नियमों से छूट दिलाने का जरिया बनता जा रहा है? वहीं अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन इस मामले में कोई कार्रवाई करते हैं या फिर यह वाहन यूं ही नियमों को धता बताता सड़कों पर दौड़ता रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

