– युवाओं को नवाचार और तकनीक के लिए किया प्रेरित
सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। मेरा युवा भारत, सीतापुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर लहरपुर के अमन कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल तथा महमूदाबाद के सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में युवाओं को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के महत्व से अवगत कराते हुए देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी दी गई। महमूदाबाद स्थित सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य उदयवीर सिंह ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान “प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत” विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने बताया कि भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों ने देश को तकनीकी आत्मनिर्भरता और वैश्विक पहचान दिलाई है। युवाओं को वर्ष 1998 के ऑपरेशन शक्ति की भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता में काजल ने प्रथम, खुशी वर्मा ने द्वितीय तथा क्षमा राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कंचन, रेखा और दीपक कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संयोजन युवा मंडल सदस्य पंकज कुमार, ओमकार, पवन, नीरज एवं पूर्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक आदेश कुमार मौर्य ने किया। जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने बताया कि लहरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. रसीद अहमद एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. नूर ने युवाओं को वर्तमान समय में नवाचार और तकनीक की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। युवा मंडल अध्यक्ष नूर आलम ने युवाओं को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढऩे और डिजिटल शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

