सीतापुर 11 मई (आरएनएस)। खैराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम परागपुर निवासी एक परिवार जिला प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए सोमवार दोपहर से आमरण अनशन पर बैठ गया। पीडि़त परिवार का कहना है कि कई बार शिकायत करने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला, जिससे मजबूर होकर यह कदम उठाना पड़ा। ग्राम परागपुर निवासी राम सिंह ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि और एक प्रॉपर्टी डीलर ने उनकी भूमि अपने नाम दर्ज करा ली है। राम सिंह के अनुसार उक्त जमीन पर वर्षों से उनके परिवार का कब्जा था और वहां आम, शीशम व यूकेलिप्टस सहित कई पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि फरवरी 2026 में विपक्षियों ने दबंगई के बल पर पेड़ों को कटवा कर जमीन पर कब्जा कर लिया। पीडि़त परिवार का कहना है कि उन्होंने तहसील और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। विरोध करने पर जानमाल की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। परिवार ने बताया कि पेड़ों की कटाई से उनकी आजीविका प्रभावित हुई है और अब वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। राम सिंह ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर भूमि का सही अभिलेख तैयार कराने और कब्जा हटवाकर जमीन वापस दिलाने की मांग की है। मामले में सुनवाई न होने से नाराज परिवार ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है और चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने जिलाधिकारी से वार्ता कर कार्रवाई की मांग की। वहीं सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर ज्ञानेंद्र कुमार ने पीडि़त परिवार से बातचीत कर जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

