साउथ सिनेमा के सुपरस्टार विजय को लंबे समय से एक मास हीरो और जनता के नेता के रूप में देखा जाता रहा है. अब उन्होंने राजनीति में भी एंट्री कर ली है, जिससे उनकी लोकप्रियता और भी बढ़ गई है. विजय ने अपने फिल्मी करियर में हमेशा ऐसे विषयों को चुना, जो सीधे तौर पर आम लोगों से जुड़े रहे हैं. उनकी फिल्मों में सामाजिक न्याय, महिलाओं के अधिकार, युवाओं की समस्याएं और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से दिखाया गया है. यही वजह है कि उनकी फिल्मों को सिर्फ मनोरंजन के तौर पर नहीं, बल्कि समाज से जुड़ी कहानियों के रूप में भी देखा जाता है.
हाल ही में उनकी अपकमिंग और चर्चित फिल्म जन नायकन को लेकर जबरदस्त चर्चा बनी हुई है. माना जा रहा है कि यह विजय के करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है, इसलिए फैंस के बीच इसे लेकर अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है. फिल्म से जुड़ी हर अपडेट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और दर्शकों में फिल्म को लेकर भारी क्रेज बना हुआ है.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर थलपति विजय ने शपथ ग्रहण कर लिया है. शपथ ग्रहण समारोह के कुछ ही समय बाद, उनकी आने वाली फिल्म जन नायकन के बारे में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. यह जानकारी किसी और ने नहीं, बल्कि फिल्म के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने दी है.
चेन्नई में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने जन नायकन की रिलीज के बारे में अपडेट दी है. प्रोड्यूसर से सवाल किया गया कि फिल्म कब रिलीज होगी, क्या फिल्म पर सेंसर बोर्ड के विवाद के अलावा कोई राजनीतिक दबाव भी था?
इस पर नारायण ने कहा, हमें उम्मीद है कि फिल्म जल्द रिलीज होगी. हम बस देश के कानून का पालन करना है. अगर फिल्म को सिनेमाघरों तक पहुंचना है तो उसे सेंसर सर्टिफिकेशन से गुजरना पड़ेगा.
प्रोड्यूसर का कहना है कि विजय की पॉपुलैरिटी किसी एक फिल्म की वजह से नहीं, बल्कि सालों से लोगों के दिलों से जुड़े रहने के कारण है. उन्होंने कहा कि विजय की हर फिल्म ने उन्हें जनता के और करीब पहुंचाया है. यही कारण है कि जन नायकन को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है.
फिल्म के ऑडियो लॉन्च इवेंट ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. मलेशिया में आयोजित इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड तोड़ संख्या में फैंस पहुंचे. आयोजकों के मुताबिक, यह कार्यक्रम देश के सबसे बड़े ऑडियो लॉन्च इवेंट्स में से एक बन गया और इसने नेशनल रिकॉर्ड भी कायम किया. कार्यक्रम में विजय की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस मौजूद रहे. फैंस का जोश और उत्साह देखने लायक था.
हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि जन नायकन कोई राजनीतिक फिल्म नहीं है. उनके मुताबिक यह एक पूरी तरह कमर्शियल एंटरटेनर है, जिसमें एक्शन, इमोशन, ड्रामा और मनोरंजन के सभी जरूरी तत्व मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि यह विजय की उन फिल्मों की तरह ही है, जिन्हें दर्शकों ने पहले खूब पसंद किया और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता दिलाई.
नारायण का मानना है कि विजय की खासियत यही रही है कि उन्होंने हर वर्ग के दर्शकों को अपनी फिल्मों से जोड़े रखा. उनकी फिल्मों में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी देखने को मिलता है. यही कारण है कि वह सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़े हुए स्टार बन चुके हैं.
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

