0 पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र
रायपुर, 12 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से जारी बदली और हल्की बारिश का दौर कमजोर पड़ते ही एक बार फिर गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार को तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम में नमी बढऩे के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी का एहसास बना रहा। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में सोमवार को दिनभर तेज धूप के साथ उमस का असर देखने को मिला। अधिकतम तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोपहर के समय सड़कों पर गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई। सोमवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में एक-दो स्थानों पर अति हल्की से हल्की वर्षा हुई। बीजापुर जिले के दोपनापाल क्षेत्र में सबसे ज्यादा एक सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहा, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव में रिकॉर्ड की गई, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
अगले 48 घंटे में मौसम सिस्टम होगा मजबूत
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम अगले 48 घंटों में और अधिक मजबूत हो सकता है। इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इन मौसमी गतिविधियों का असर आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल सकता है।
12 मई को शुष्क मौसम, 13 मई से बदल सकता है मिजाज
मौसम विभाग ने 12 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना जताई है। हालांकि 13 मई से एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस हो सकता है। दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

