चंडीगढ़ 12 may, (rns)- हरियाणा में सिरसा सीट से सांसद कुमारी सैलजा ने गुरुग्राम सहित हरियाणा के विभिन्न शहरों में फैली गंदगी और चरमराई सफाई व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर सरकार गंभीर नजर नहीं आ रही, जिसके चलते शहरों की सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि पिछले करीब 11 दिनों से सफाई कार्य प्रभावित होने के कारण आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। शहरों में फैली गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे अंतरराष्ट्रीय पहचान वाले शहर में हजारों टन कचरा सड़कों पर पड़ा होना सरकार और प्रशासन की विफलता को दर्शाता है। भारी टैक्स देने वाले नागरिकों को यदि साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधा भी न मिले तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। ठेका प्रथा, नियमितीकरण, बकाया वेतन और स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद ही समाधान का रास्ता होता है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दी। कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार से मांग की कि वह तुरंत सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर समाधान निकाले, ताकि जनता को राहत मिल सके और शहरों में सफाई व्यवस्था सामान्य हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के अधिकारों और जनता के स्वास्थ्य दोनों के प्रति समान संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।

