अमृतसर/लखनऊ 12 may, (rns) : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 26 घंटे तक दहशत बने साइको किलर और रिटायर्ड फौजी गुरप्रीत सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी ने 24 से 26 घंटे के भीतर तीन सनसनीखेज हत्याओं को अंजाम देकर इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत सिंह पंजाब के अमृतसर का रहने वाला था और उसने वर्ष 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद उसने सामान्य जीवन जीने की कोशिश की, लेकिन शराब की लत और मानसिक अस्थिरता के कारण वह अपराध की ओर बढ़ता चला गया। कुछ समय तक उसने बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी भी की, लेकिन नौकरी छूटने के बाद उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने किसी निजी दुश्मनी के बजाय लोगों को रैंडम तरीके से निशाना बनाया। पहली वारदात उसने 10 मई को अलीनगर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के पास ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में की, जहां जमानिया निवासी मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
इसके बाद 11 मई की रात कोलकाता से जम्मूतवी जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में उसने एक अन्य यात्री को गोली मार दी। तीसरी और सबसे सनसनीखेज घटना सोमवार सुबह हुई, जब आरोपी ने अलीनगर स्थित जीवक अस्पताल में भर्ती एक महिला के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी।
अस्पताल में हुई वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन हिस्ट्री के आधार पर पुलिस ने तीनों हत्याओं में उसकी संलिप्तता की पुष्टि की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, जीआरपी, अलीनगर पुलिस और सकलडीहा पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी को घटनास्थलों पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन कर रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, उसने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके सीने में गोली लगी।
गंभीर रूप से घायल गुरप्रीत सिंह को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मुठभेड़ में जीआरपी के एक हेड कांस्टेबल समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से रिवॉल्वर, कारतूस और कटी हुई डीबीबीएल गन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ और आरोपी की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है।

