नईदिल्ली, 12 मई। इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन धीरे धीरे अपने समापन की ओर बढ़ रहा है. अब तक दस टीमों में से दो टीमें – मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स – प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. इस बीच भारत के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने आईपीएल 2026 सीजन के फाइनलिस्ट को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है.
उनका मानना है कि पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस बार भी फाइनल खेलेगी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 11 मैचों में अपनी सातवीं जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गई है. जबकि पंजाब किंग्स, जिसने सीजन की शुरुआत जोरदार तरीके से की थी और अपने पहले सात मैचों में अजेय रही थी, अब लगातार तीन हार के बाद वापसी की तलाश में है. फिर भी वो 13 पॉइंट्स लेकर अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है, क्योंकि वह अभी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है.
गावस्कर ने कहा. मैं अब भी पंजाब किंग्स का ही साथ दूंगा. कभी-कभी, कुछ हारें असल में टीम को फिर से तैयार होने और अति-आत्मविश्वास से बचने में मदद कर सकती हैं. पंजाब को पता होगा कि टूर्नामेंट का यह चरण कितना महत्वपूर्ण है, और वे एक और हार के साथ अपने मन में कोई शक पैदा नहीं होने देना चाहेंगे. मुझे अब भी पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ही इस सीजन के फाइनलिस्ट लगते हैं. बता दें कि पंजाब किंग्स आज शाम धर्मशाला के खूबसूरत एचपीसीए स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी.
गावस्कर ने पांच बार की विजेता टीम मुंबई के बाकी बचे सीजन के लिए उनकी रणनीति पर विस्तार से बात की और कहा कि यह युवा खिलाडिय़ों को मौका देने का सही समय हो सकता है. उन्होंने कहा, टी 20 क्रिकेट में, उतार-चढ़ाव तो आते ही रहते हैं. जब सीजन खत्म हो जाता है, तब यह सही समय होता है कि ठीक से यह देखा जाए कि क्या गलत हुआ. लेकिन इस चरण में, मेरा मानना है कि सीनियर खिलाडिय़ों ने अपना सब कुछ झोंक दिया है. अब, बाकी बचे मैचों में युवा खिलाडिय़ों को मौका देना सही हो सकता है. इससे फ्रैंचाइजी को यह समझने में मदद मिलेगी कि ये युवा खिलाड़ी दबाव को कैसे संभालते हैं और क्या वे उन पर दिखाए गए भरोसे को सही साबित कर पाते हैं.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

