नईदिल्ली, 12 मई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के 55वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने धर्मशाला में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से मात दे दी है. 211 रनों के लक्ष्य को दिल्ली ने कप्तान अक्षर और मिलर के अर्धशतक की बदौलत 19 ओवर में ही 7 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया.
अक्षर ने 30 गेंद में 56 और डेविड मिलर ने 28 गेंद में 51 रनों की पारी खेली. इसके अलावा आखिर में आशुतोष ने 10 गेंद में 24, माधव तिवारी 8 गेंद में 18 और आकिब नबी ने 2 गेंद में 10 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी. इस जीत के साथ दिल्ली के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना अभी भी जिंदा हैं. दिल्ली के अब 12 मैच में 5 जीत के साथ 10 पॉइंट्स हो गए हैं और वो अंक तालिका में 7वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
पंजाब के गेंदबाजों की तरफ से अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए. इसके अलावा दूसरे सभी गेंदबाजों ने 10 से ऊपर की औसत से रन खर्च किए. जिसकी वजह से पंजाब 210 रनों को डिफेंड नहीं कर सका.
वहीं दूसरी ओर ये पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार है. लेकिन वो 11 मैच में 6 जीत के साथ चौथे स्थान पर बरकरार है. आज के मैच को जीतकर उसे पहले स्थान पर पहुंचने का सुनहरा मौका था, लेकिन वो इसको हासिल करने से चूक गए.
इससे पहले पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 210 रन बनाए. जिसमें प्रियांश आर्या के तेज तर्रार 33 गेंद में 2 चौके और 6 छक्के की मदद से 56 रन सबसे खास थे. इसके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर 36 गेंद नें 59 रन बनाकर नाबाद रहे. जबकि कूपर कोनोली ने 27 गेंद में 38 और सूर्यांश शेगडे ने 8 गेंद में 21 रनों की छोटी लेकिन अहम पारी खेली.
दिल्ली की तरफ से सिर्फ तेज गेंदबाजों ने गेंदबाजी की. जिसमें आकिब नबी और माधव तिवारी सबसे किफायती गेंदबाज रहे. आकिब ने 4 ओवर में 32 रन खर्च किए, जबकि माधव ने 4 ओवर में 40 रन खर्च करके 2 विकेट हासिल किए. वहीं मिचेल स्टार्क सबसे महंगे गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 57 रन देकर दो विकेट हासिल किए. ये उनके आईपीएल करियर का सबसे महंगा स्पेल था.
आईपीएल में अपना पहला मैच खेलने वाले माधव तिवारी को उनकी शानदार गेंदबाजी और 8 गेंद में 18 रनों छोटी मगर मैच जीताओ पारी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

