ढाका, 12 मई। पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि हस्तांतरित का आदेश दिया है, जिस पर बांग्लादेश का बयान आया है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार एम हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश कांटेदार तारों से भयभीत नहीं है और अगर सीमा पर हत्याएं जारी रहती हैं तो वह चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश बातचीत जारी रखेगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बात करते हुए कबीर ने कहा, बांग्लादेश कांटेदार तारों से नहीं डरता। जहां बातचीत की जरूरत होगी, हम वहां बातचीत करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अगर भारत सरकार दोनों पड़ोसी देशों के बीच लोगों के आपसी संबंधों को मजबूत करना चाहती है, तो उसे सीमा सुरक्षा मुद्दों को संबोधित करने में अधिक मानवीय दृष्टिकोण प्रदर्शित करना होगा। उन्होंने चुनावी बयानबाजी को अलग मामला बताया।
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं के बयान पर कबीर ने कहा कि चुनावी बयानबाजी और शासन 2 अलग-अलग मामले हैं। उन्होंने कहा, हम उनकी आंतरिक राजनीति में दखल नहीं देना चाहते। हमारा संबंध केंद्र सरकार से है। सलाहकार ने चेतावनी दी कि अगर सीमा पर हत्याएं जारी रहीं तो बांग्लादेश चुप नहीं बैठेगा क्योंकि सीमा पर स्थिति अब पहले जैसी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद बांग्लादेश पड़ोसी देशों के साथ रचनात्मक संबंध बनाए रखने को प्रतिबद्ध है।
सुवेंदु ने सोमवार को बताया था कि पहली कैबिनेट बैठक में सरकार अगले 45 दिनों में बीएसएफ को जमीन हस्तांतरित करेगी, ताकि सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा हो और अवैध घुसपैठ पर लगाम लगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल बांग्लादेश के साथ 4,097 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करता है, यहां अब तक 3,240 किलोमीटर की सीमा पर बाड़ लग चुकी है। अभी 850 किलोमीटर पर अभी बाड़बंदी नहीं है, इसमें 175 किलोमीटर दुर्गम भूभाग शामिल है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

