मेरठ 12 मई (आरएनएस)। शास्त्रीनगर सेक्टर दो में धरने पर बैठी महिलाओं द्वारा आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना के घर का घेराव करने के ऐलान के बाद लोकेश खुराना ने महिलाओं को अपने घर पर मिलने के लिए आमंत्रित किया है। महिलाओं ने बताया कि वह जल्द ही लोकेश के घर पर जाकर उनसे मुलाकात करेंगी।
शास्त्रीनगर सेक्टर दो में धरना दे रही महिलाओं में शामिल राधा गुप्ता आदि ने बताया कि मंगलवार की सुबह पूर्व स्थानीय पार्षद सतीश गर्ग के मोबाइल पर आरटीआई एक्टिविस्ट लोकेश खुराना की कॉल आई। सतीश गर्ग द्वारा अपने ही फोन से लोकेश खुराना की बात धरने पर बैठी महिलाओं से कराई गई।
महिलाओं का कहना है कि लोकेश खुराना ने सफाई देते हुए कहा कि दुर्बल आय वर्ग के मकानों को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में कोई शिकायत नहीं की थी। इसके बावजूद यदि महिलाओं को उनसे कोई शिकायत है तो वह कभी भी उनके घर आकर उनसे मिल सकती हैं। महिलाओं के मुताबिक लोकेश का कहना है कि वह भी दुर्बल आय वर्ग के मकानों पर कार्रवाई के पक्षधर नहीं हैं। इस मामले में वह महिलाओं के साथ हैं।
बताते चलें कि लोकेश खुराना द्वारा डाली गई रिट पर कार्रवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने शास्त्रीनगर के सैकड़ों मकानों में सेटबैक छोड़े जाने को लेकर आवास विकास को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। जिसके चलते शास्त्रीनगर में धरना दे रही महिलाओं ने लोकेश खुराना के घर के घेराव का ऐलान किया था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

