मेरठ 12 मई (आरएनएस)। प्रांतीयकृत ऐतिहासिक मेला नौचंदी के लिए इस बार क्षेत्र की जनता को पारंपरिक उद्घाटन के बाद लगभग दो महीने इंतजार करना पड़ा। होली के बाद दूसरे रविवार (15 मार्च) को मेले का पारंपरिक उद्घाटन हुआ था। उसके बाद से लोग मेला में रौनक का इंतजार कर रहे हैं। अब इंतजार खत्म हो गया है। 13 मई बुधवार को प्रदेश के पशुधन, दुग्ध विकास और राजनीतिक पेंशन विभाग व जनपद के प्रभारी मंत्री डा. धर्मपाल सिंह मेले का उद्घाटन करेंगे।
मेला स्थल पर अब बड़ी संख्या में दुकानें पहुंच गई हैं। झूले भी तैयार हैं। सोमवार शाम को एडीएम सिटी, जिला पंचायत के एएमए, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन समेत निभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। झूलों की सुरक्षा का परीक्षण भी किया गया।
मेला नौचंदी के शुरू होने का आम जनता को बेसब्री से इंतजार है। प्रत्येक वर्ष पारंपरिक उद्घाटन के बाद लगभग एक महीने में मेले मे रौनक आ पाती है। लेकिन इस बार यह इंतजार लगभग दो महीने का हो गया। 15 मार्च को पारंपरिक उद्घाटन के बाद 25 अप्रैल तक मेला शुरू करने का दावा किया गया था। टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी न हो पाने के चलते उद्घाटन में विलंब हो गया। कई बार तिथि निर्धारण के बाद आखिरकार अब 13 मई बुधवार को इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन करने की तैयारी की गई है।
जनपद के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। इसी के साथ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने में भी अधिकारी जुट गए हैं।उद्घाटन कार्यक्रम का निमंत्रण पत्र तैयार हो गया है। पटेल मंडप में होने वाले कार्यक्रमों की तिथियां भी निर्धारित करके उन्हें निमंत्रण पत्र पर ही अंकित करा दिया गया है।
सज रहीं हैं दुकानें, पटेल मंडप भी तैयार
मेला स्थल पर तैयारियां अब युद्धस्तर पर चल रहीं हैं। बड़ी संख्या में दुकानें पहुंच गई हैं। दुकानों को तेजी से तैयार किया जा रहा है। बिजली की लाइनें मेले में स्थापित कर ली गई हैं। रंग बिरंगी लाइटों से मेले के प्रवेश द्वार तथा मेला परिसर को सजाया जा रहा है। पटेल मंडप भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए तैयार कर लिया गया है।
अधिकारियों ने जांची सुरक्षा
बुधवार शाम को एडीएम सिटी बृजेश सिंह, जिला पंचायत के एएमए वी एस कुशवाहा, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन प्रांतीय खंड, एक्सईएन यांत्रिक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम ने मेला स्थल पर झूलों का निरीक्षण किया।
इन्होंने कहा….
प्रांतीयकृत मेला नौचंदी का उद्घाटन 13 मई की शाम को प्रभारी मंत्री करेंगे। पटेल मंडप के कार्यक्रमों की तिथियां भी निर्धारित कर ली गई हैं। आज मेेले में स्थापित झूलों की सुरक्षा जांच कराई गई है।
– नूपुर गोयल, सीडीओ और मेला नोडल अधिकारी
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

