434 नोटिस जारी, 174 स्कूल वाहनों के पंजीयन निलंबित
सुल्तानपुर 12 मई (आरएनएस )। शासन के निर्देश पर आरटीओ (प्रशासन) अयोध्या ऋतु सिंह ने एआरटीओ कार्यालय सुल्तानपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन अलका शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद करीब 50 स्कूल वाहन स्वामियों और प्रबंधन के साथ बैठक कर सभी वाहनों के फिटनेस, पंजीयन, पीयूसी और परमिट जैसे प्रपत्र तत्काल वैध कराने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने साफ कहा कि जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर पूरा कर स्कूल यान परमिट हेतु आवेदन करना होगा, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार अब तक 434 नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि 174 वाहनों के पंजीयन निलंबित किए गए हैं। बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों पर लगातार चालान और सीज की कार्रवाई जारी है।
बैठक में डीआईओएस और बीएसए कार्यालय के प्रतिनिधियों ने भी चेतावनी दी कि नियमों का पालन न करने वाले स्कूलों का यूडीआईएस कोड बंद कराया जा सकता है। वहीं कुछ स्कूल प्रबंधन ने जल्द ही सभी प्रपत्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया। जिन संस्थानों के दस्तावेज सही पाए गए, उनकी अधिकारियों ने सराहना भी की। आरटीओ ने स्कूल वाहनों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसमें वाहनों का पीले रंग में होना, आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र, फस्र्ट एड बॉक्स, महिला परिचारिका की नियुक्ति और चालक सत्यापन अनिवार्य बताया गया। इसके अलावा कार्यालयीय कार्यप्रणाली, डेटा क्लीनिंग और राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा और प्रवर्तन लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

