सुल्तानपुर 12 मई (आरएनएस )। स्वशासी मेडिेल कालेज में आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक से एंडोस्कोपिक डीसीआर सर्जरी का सफल ऑपरेशन किया गया। इस सर्जरी के माध्यम से आजमगढ़ निवासी 43 वर्षीय मरीज लालमणि यादव को लंबे समय से चली आ रही आंख की समस्या से राहत मिली है।
मरीज लालमणि यादव निवासी अहिरौला जनपद आजमगढ़ पिछले लगभग तीन महीनों से दाहिनी आंख से लगातार पानी आने और सूजन की समस्या से परेशान थे। उपचार के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें राहत नहीं मिल सकी। बाद में उन्होंने स्वशासी मेडिकल कालेज सुल्तानपुर के नेत्र रोग विभाग में परामर्श लिया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने मरीज की आंख की आंसू की नली में रुकावट पाई, जिसके बाद उन्हें ईएनटी विभाग में रेफर किया गया। ईएनटी विभाग में परीक्षण के बाद मरीज की एंडोस्कोपिक डीसीआर सर्जरी की योजना बनाई गई। आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक की सहायता से सफल ऑपरेशन किया गया। इस प्रक्रिया में चेहरे पर किसी प्रकार का बाहरी चीरा नहीं लगाया जाता है, जिससे मरीज को कम दर्द, तेजी से रिकवरी और बिना किसी निशान के बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं।
यह सर्जरी प्राचार्य डॉ. प्रियांक वर्मा के मार्गदर्शन में ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. अम्बर केसरवानी, सीनियर रेजिडेंट डॉ. पूजा द्विवेदी और जूनियर रेजिडेंट डॉ. पूजा गुप्ता की टीम ने सफलतापूर्वक सम्पन्न की। ऑपरेशन के बाद मरीज स्वस्थ बताया जा रहा है और चिकित्सकीय निगरानी में तेजी से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहा है। इस अवसर पर चिकित्सकों ने बताया कि आधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीकों के माध्यम से आंख की आंसू की नली में रुकावट का सुरक्षित और प्रभावी उपचार संभव है। समय पर इलाज कराने से संक्रमण और अन्य जटिलताओं से भी बचाव किया जा सकता है। अस्पताल प्रशासन ने सफल सर्जरी के लिए ईएनटी विभाग और पूरी चिकित्सा टीम को बधाई दी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

