ग्राम प्रधान सिंघनी पर फर्जी मार्कशीट से चुनाव लडऩे तथा लाखों का गवन करने का था आरोप
सुलतानपुर 12 मई (आरएनएस )। बल्दीराय थाना क्षेत्र के सिंघनी गांव में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में बड़े घोटाले का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर ग्राम प्रधान विकास यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ सरकारी धन के गबन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और मनरेगा भुगतान में धांधली के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले के सामने आते ही पंचायत महकमे और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दर्ज एफआईआर के मुताबिक ग्राम प्रधान विकास यादव पर आरोप है कि उन्होंने गलत जन्मतिथि दर्ज कराकर पंचायत चुनाव लड़ा। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वास्तविक उम्र 21 वर्ष से कम होने के बावजूद फर्जी दस्तावेजों के सहारे चुनाव लड़कर प्रधान पद हासिल किया गया। इतना ही नहीं, प्रधान पर अपने नाबालिग भाइयों सुभाष यादव और अभिषेक यादव के नाम पर फर्जी जॉब कार्ड बनवाकर मनरेगा मजदूरी का भुगतान कराने का भी आरोप है। आरोप है कि बिना कार्य किए हजारों रुपये सरकारी खाते से निकाल लिए गए।शिकायत में पंचायत के विकास कार्यों में भी बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का जिक्र किया गया है। आरोप है कि आरसीसी सड़क और नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी कर लाखों रुपये का भुगतान करा लिया गया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र और शौचालय मरम्मत के नाम पर भी सरकारी धन के गबन का आरोप लगाया गया है। एफआईआर के अनुसार शौचालय मरम्मत, सड़क निर्माण और अन्य कार्यों में करीब लाखों रुपये का सरकारी धन हड़प लिया गया। शिकायतकर्ता ने पहले स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बल्दीराय पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दस्तावेजों और भुगतान रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

