जौनपुर 12 मई (आरएनएस )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए शिकायती पत्र में जफराबाद के अहमदपुर गांव के ग्रामीणों ने बंजर भूमि पर कथित फर्जी तरीके से नाम दर्ज कराकर बैनामा किए जाने और अवैध कब्जे की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। मामला तहसील सदर के ग्राम अहमदपुर, परगना हवेली से जुड़ा बताया जा रहा है।ग्रामीणों की ओर से आशुतोष यादव समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि आराजी नंबर 304 और 305, जो 1359 फसली अभिलेखों में बंजर खाते में दर्ज हैं, उन पर विपक्षी पक्ष द्वारा कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से नाम दर्ज करा लिया गया। इसके बाद उक्त भूमि का विभिन्न लोगों के नाम बैनामा भी कर दिया गया।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि प्रभावशाली बैनामेदार अब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं तथा अलग-अलग बाउंड्री दिखाकर गांव के लोगों का रास्ता भी अवरुद्ध किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे जमीन हड़पने की साजिश करार दिया है। ग्राम अहमदपुर वर्तमान में चकबंदी प्रक्रिया के अधीन है। ऐसे में भूमि की प्रकृति में बदलाव और कब्जे की कार्रवाई को नियम विरुद्ध एवं न्याय के खिलाफ बताया गया है।ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की राजस्व विभाग से निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि अभिलेखों में फर्जीवाड़ा पाया जाए तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

