भोपाल 12 मई (आरएनएस)। अशोका गार्डन इलाके में बीए की छात्रा ने ब्लेड से हाथ की नस काटकर जान दे दी। वहीं, खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में 23 साल के अस्पताल अटेंडर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अशोका गार्डन थाना पुलिस के मुताबिक ग्रीन पार्क कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय ख्याति जैन बीए की छात्रा थी। उसके माता-पिता का करीब 10 साल पहले तलाक हो चुका था और वह अपनी मां के साथ रहती थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार को उसकी मां किसी काम से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान ख्याति ने ब्लेड से हाथ की नस काट ली। अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान अभी दर्ज नहीं हो सके हैं।

