भोपाल 12 मई (आरएनएस)। दो दिन पहले हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक और युवती को पकड़ा था। साथ ही मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की गई थी। इसी मुद्दे पर मंगलवार को मुस्लिम समाज सड़क पर उतर आया। आपत्तिजनक शब्दों का उपयोग करने पर उनकी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। वरना भोपाल बंद करने की चेतावनी भी दी।
बता दें कि रविवार को हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने युवक के चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया। अर्धनग्न कर पीटा और गोविंदपुरा पुलिस के हवाले कर दिया था। यह मामला गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल का है। हालांकि, युवती का कहना था कि वह युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है।
इसी मुद्दे पर मंगलवार को मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोग काजियात में इकट्?ठा हुए। उनका आरोप था कि युवक के साथ मारपीट के दौरान आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया गया, जो कि गलत है। शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने भी समाजजनों को संबोधित किया।
इसके बाद समाजजन पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां समाजजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और फिर उनका जुलूस निकालने की मांग की। उनका कहना था कि आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करके उनकी भावना को ठेस पहुंचाई गई है। इस दौरान विधायक आरिफ मसूद, आतिफ अकील, एआईएमआईएम के मोहसिन अली भी मौजूद थे। समाज के अरबाज मिर्जा ने बताया कि आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग की गई है। ऐसा नहीं होने पर बंद की चेतावनी भी दी है।

