जबलपुर 12 मई (आरएनएस)। मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना दोपहर उस समय हुई, जब मृतक बाइक से जा रहा था। तभी बदमाशों ने उसे घेर लिया और तब तक चाकू मारते रहे, जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5-6 लड़के युवक पर चाकू से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बीच बाजार से होते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है। घटना संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के शाहीनाका के पास की है। रिहायशी इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शाहीनाका निवासी आयुष गुप्ता पेशे से ड्राइवर था। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वह किसी काम से लौटकर घर जा रहा था। तभी अंबा टेंट हाउस के पास बाइक से आए चार से पांच युवकों ने उसे घेर लिया। आसपास लोगों की भीड़ होने के बावजूद आरोपियों ने आयुष पर चाकू से हमला कर दिया। बीच सड़क पर हुई इस वारदात को देखकर लोग दहशत में आ गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच रुपए के लेनदेन को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपियों ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी बाइक और एक्टिवा से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी रोहन पटेल, आयुष श्रीपाल, काला और उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं। उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

