हरिद्वार,12 मई (आरएनएस)। नगर निगम ने मंगलवार को ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म रैपिडो को नोटिस जारी किया है। निगम के संज्ञान में आया है कि ऑनलाइन के माध्यम से कुछ संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर गंगा घाटों के आसपास, मांसाहारी वस्तुओं की डिलीवरी की जा रही है। नगर निगम ने इसे धार्मिक भावनाओं और स्थानीय परंपराओं के विपरीत बताते हुए गंभीर आपत्ति दर्ज की है। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि नोटिस में स्पष्ट लिखा गया है कि हरिद्वार धार्मिक नगरी है, जहां अधिसूचित और संवेदनशील क्षेत्रों में मांस और मदिरा की बिक्री, परिवहन और उपभोग को लेकर पूर्ण प्रतिबंध लागू हैं। नगर निगम प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े किसी भी डिलीवरी पार्टनर, विक्रेता, रेस्टोरेंट और अन्य संबंधित व्यक्ति द्वारा नगर निगम क्षेत्र, विशेषकर गंगा घाटों और प्रतिबंधित इलाकों में मांसाहारी उत्पाद, मदिरा अथवा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की डिलीवरी न की जाए। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कंपनी प्रबंधन को सभी विक्रेताओं व डिलीवरी पार्टनर्स को तत्काल अनुपालन संबंधी निर्देश जारी कर इसकी पुष्टि नगर निगम को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

