हरिद्वार,12 मई (आरएनएस)। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए परिवहन विभाग का ई-रिक्शा सत्यापन अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को शिवमूर्ति चौक से ललतारो पुल के बीच चलाए गए विशेष अभियान में बिना सत्यापन और बिना निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर संचालित ई-रिक्शाओं पर सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान अनियमितता पाए गए 25 ई-रिक्शाओं को सीज कर उनके चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोवर्धनपुर मुकेश भारती और परिवहन कर अधिकारी चिडिय़ापुर मनीषा शाह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने ई-रिक्शाओं के दस्तावेजों और सत्यापन संबंधी अभिलेखों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, चालक लाइसेंस और विभाग की ओर से जारी क्यूआर कोड स्टिकर की विशेष रूप से जांच की गई। कई ई-रिक्शा बिना आवश्यक दस्तावेजों और सत्यापन के संचालित पाए गए, जिन पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सीज किए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

