देहरादून,12 मई (आरएनएस)। नीट यूजी 2026 में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक से इस्तीफे की मांग की है। परिषद ने कहा कि लगातार राष्ट्रीय परीक्षाओं में सामने आ रही गड़बडिय़ों से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है। अभाविप के उत्तराखंड प्रांत मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि सालभर कठिन परिश्रम करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नीट में सामने आई अनियमितताओं ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मामले की जांच सीबीआइ को सौंपना उचित कदम है, लेकिन जांच के दौरान सामने आने वाले सभी दोषियों और नेटवर्क की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

