चमोली,12 मई (आरएनएस)। विकासखंड के ऐंड गांव की महिलाओं ने ग्राम प्रधान की मौजूदगी में बैठक कर सामाजिक समारोहों में शराब परोसने और गांव में शराब के प्रचलन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने जुर्माना तय करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र में ताश खेलने और शराब पीने पर भी सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। महिला मंगल दल अध्यक्ष अंशी देवी की अध्यक्षता और ग्राम प्रधान राकेश सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में महिलाओं ने कहा कि शराब के प्रचलन से युवा पीढ़ी एवं बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। यही नहीं सामाजिक समारोह में कई बार सौहार्द का वातावरण शराब के कारण खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने बड़े सामाजिक कार्यक्रमों में शराब के प्रचलन पर 51 हजार और छोटे कार्यक्रमों में 21 हजार के जुर्माने का प्रावधान रखा है। साथ ही कहा कि कई अराजक तत्व गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के परिसर में ताश खेलते हैं और शराब भी पीते हैं। इन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कुसुम देवी, भागा देवी, पार्वती देवी, सरिता देवी, गुड्ड़ी देवी सहित 31 से अधिक महिलाएं शामिल रहीं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

