चमोली,12 मई (आरएनएस)। बदरीनाथ हाईवे पर गडोरा में लंबे समय से चल रहा भूमि संबंधी मामला चमोली तहसील प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया है। कार्यदायी संस्था एनकेजी इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर से यहां हाईवे चौड़ीकरण के साथ ही डामरीकरण कार्य भी शुरू कर दिया है जिससे बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा सुगम हो जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों को धूल से निजात मिल गई है। गडोरा में एनएचआईडीसीएल की कार्यदायी संस्था एनकेजी की ओर से हाईवे चौड़ीकरण के लिए कटिंग की गई मगर स्थानीय लोगों ने निजी भूमि को नुकसान होने का हवाला देते हुए कार्य रोक लिया। तब से यहां हाईवे का करीब 200 मीटर हिस्सा बदहाल स्थिति में था। गडोरा में हाईवे पर भूमि विवाद लंबे समय से चल रहा था जिससे एनकेजी इंफ्रास्ट्रक्चर यहां डामरीकरण कार्य नहीं कर पा रही थीं। एसडीएम चमोली आरके पांडेय और तहसीलदार दीप्तिशिखा ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर भूमि संबंधी मामले का निस्तारण किया जिसके बाद यहां डामरीकरण कार्य शुरू हो गया है। पूर्व सांसद प्रतिनिधि अयोध्या हटवाल, ओम प्रकाश, सुशील वैष्णव, दीपक, अमित आदि का कहना है कि तहसील प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद अब हाईवे सुगम हो गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

