श्रीनगर गढ़वाल,12 मई (आरएनएस)। नगर निगम श्रीनगर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हीरो ऑफ द मंथ सम्मान से सम्मानित किया गया। महापौर आरती भंडारी एवं नगर आयुक्त नुपूर वर्मा द्वारा निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर निगम द्वारा सौंपे गए कार्यों के निष्पादन में व्यक्तिगत रुचि लेकर पूर्ण निष्ठा, कुशलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों की सराहना की गई। माह अप्रैल के लिए सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, कर निरीक्षक अजहर अली एवं कनिष्ठ लिपिक रविन्द्र नेगी को हीरो ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। महापौर भंडारी ने सम्मानित हुए कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि निगम हित में समर्पित भावना से कार्य करने वाले कर्मचारी संस्था की कार्यक्षमता को नई दिशा देते हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी नगर निगम श्रीनगर के हित में सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी कुशलता के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

