नईदिल्ली, 13 मई। बांग्लादेश ने ढाका में खेले गए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन पाकिस्तान को 163 रनों पर ऑल आउट करके 104 रनों से मात दे दी. ये बांग्लादेश की अपनी जमीन पर पाकिस्तान के खिलाफ पहली जीत है.
268 रनों के जवाब में पाकिस्तान की दूसरी पारी 163 रनों पर ही सिमट गई. जिसमें अब्दुल्लाह फजल ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज बांग्लादेशी गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर तक नहीं टिक सका. नहीद राणा ने दूसरी पारी में 5 विकेट लिए जबकि तैजुल इस्लाम और तस्कीन अहमद को 2-2 विकेट मिले. मेहदी हसन मिराज एक विकेट लेने में सफल रहे.
बता दें कि बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में मोमिनुल हक के 91, कप्तान नजमुल हसन शांतो के 101 और मुशफिकुर रहीम के 71 रनों की बदौलत 413 रन बनाए थे. वहीं पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अब्बास ने सबसे ज्यादा 5 विकेट झटके थे.
वहीं पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में अजान ओवैस के 130, अब्दुल्ला फजल के 60, सलमान आगा के 58 और मोहम्मद रिजवान के 59 रनों की बदौलत 386 रन बना सकी थी. जिसकी वजह से बांग्लादेश को 27 रनों की बढ़त भी मिल गई. बांग्लादेश की तरफ से मेहदी हसन पांच विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे.
इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में नजमुल हसन के 87 और मोमिनुल हक के 56 रनों की बदौलत 9 विकेट पर 240 के स्कोर पर घोषित कर दी, जिससे पाकिस्तान को 268 रनों का टारगेट मिला, लेकिन मेहमान टीम 163 रनों पर ही ढेर हो गई. जिससे बांग्लादेश को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त मिल गई.
कप्तान नजमुल हसन शांतो को दोनो पारी में शानदार बल्लेबाजी करने की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. शांतो ने पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में 87 रन बनाए थे.
सीरीज का दूसारा मैच 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

