मुंबई,13 मई (आरएनएस)। महाराष्ट्र के बारामती में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे के 3 महीने बाद बुधवार को एक और विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर आई है। बताया जा रहा है कि बुधवार को बारामती के गोजुबावी गांव में 2 सीटों वाला एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सिर्फ एक पायलट ही सवार था, जो सुरक्षित बताया जा रहा है। विमान कंपनी के अधिकारी, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर है। विमान में आग नहीं लगी।
बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे प्रशिक्षु पायलट श्रीपाल अकेले 2 सीट वाले रेडबर्ड एयरवेज का विमान उड़ा रहा था, तभी उसे विमान में खराबी का अहसास हुआ। उसने विमान को आबादी वाले इलाके से दूर निकाला, तभी उसका इंजन फेल हो गया और इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान विमान खाली जमीन पर गिर पड़ा। पायलट पूरी तरह सुरक्षित है। विमान में आग न लगने से वह बाल-बाल बच गया। हादसा उसी गांव में हुआ, जहां अजित का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
रिपोर्ट के मुताबिक, बारामती में पायलट प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने के बाद से, रेडबर्ड कंपनी के विमान विभिन्न कारणों से अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इससे पहले सितंबर 2021 में 2 हादसे हुए थे और अक्टूबर 2023 में 4 दिनों के अंतराल पर और फिर अगस्त 2025 में कुल 4 हादसे हुए थे। इससे पहले नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने इस कंपनी के उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया था।
अजित पवार 28 जनवरी को बारामती में पुणे जिला परिषद के चुनाव के सिलसिले में बुधवार को पार्टी की बैठक करने मुंबई से पहुंचे थे। तभी सुबह 8:45 बजे बारामती हवाई अड्डे पर समतल रनवे के किनारे से महज 200 मीटर की दूरी पर उनका चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें धमाके के साथ आग लग गई। हादसे में विमान में अजित के साथ एक सुरक्षाकर्मी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और 2 पायलट सवार थे, जिनकी मौत हो गई।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

