अल्मोड़ा,13 मई (आरएनएस)। मंजुल स्मृति छात्रवृत्ति वितरण समारोह समिति ने इस वर्ष ताकुला विकासखंड के जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का निर्णय लिया है। छात्रवृत्ति राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत उन विद्यार्थियों को दी जाएगी, जिन्होंने कक्षा 10 उत्तीर्ण कर कक्षा 11 में प्रवेश लिया है। रानीधारा में आयोजित समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने की। बैठक में बताया गया कि समिति वर्ष 2022 से छात्रवृत्ति योजना संचालित कर रही है और अब तक लमगड़ा, हवालबाग, भैसियाछाना तथा धौलादेवी विकासखंडों के पात्र विद्यार्थियों को इसका लाभ दिया जा चुका है। समिति के अनुसार चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 11 और 12 तक लगातार दो वर्षों के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस बार ताकुला ब्लॉक के चयनित विद्यार्थियों के साथ पिछले वर्ष धौलादेवी से चयनित छात्रों को दूसरे वर्ष की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। बैठक में तय किया गया कि छात्रवृत्ति वितरण समारोह जुलाई में आयोजित किया जाएगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी। साथ ही अब तक छात्रवृत्ति प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करने पर भी सहमति बनी। समिति ने जल्द ही ताकुला विकासखंड के विद्यालयों में आवेदन पत्र उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया। बैठक में रघु तिवारी, नीलिमा भट्ट, अशोक पंत, नीरज पंत, डॉ. हेमंत पांडे, चंद्र मणि भट्ट, रमाशंकर नैलवाल, डॉ. रमेश सिंह दानू, तारा सिंह बिष्ट, सुनीता भट्ट और प्रमोद जोशी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

