अल्मोड़ा,13 मई (आरएनएस)। नीट परीक्षा निरस्त होने के मुद्दे पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने केंद्र सरकार और परीक्षा संचालन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और परीक्षा निरस्त होने जैसी घटनाएं युवाओं के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ खिलवाड़ हैं। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का निरस्त होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों के विश्वास पर गहरी चोट है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन परिश्रम कर डॉक्टर बनने का सपना देखते हैं, जबकि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की लापरवाही और अव्यवस्थित परीक्षा प्रणाली के कारण विद्यार्थियों को मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उनके अनुसार लगातार सामने आ रही परीक्षा गड़बडिय़ां यह दर्शाती हैं कि शिक्षा व्यवस्था को संभालने में सरकार विफल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को पारदर्शी और मजबूत परीक्षा प्रणाली विकसित करनी चाहिए, ताकि युवाओं का भरोसा बहाल हो सके। विधायक ने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर लगातार हो रही गड़बडिय़ों से युवाओं में निराशा बढ़ रही है और सरकार को समय रहते व्यवस्था में सुधार करना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

