अल्मोड़ा,13 मई (आरएनएस)। महिला कोतवाली पुलिस ने राजकीय बालिका किशोरी गृह बख और वन स्टॉप सेंटर में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और सामाजिक जागरूकता को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रभारी निरीक्षक महिला कोतवाली एवं एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट जानकी भंडारी, अपर उपनिरीक्षक बीना दोसाद और महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में दहेज उत्पीडऩ और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में समन्वय और सहायता व्यवस्था को लेकर गोष्ठी आयोजित की गई। साथ ही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, गौरा शक्ति मोबाइल एप और पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर ठगी, महिला एवं बाल अपराध, नए कानूनों और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। अधिकारियों ने किसी भी आपात स्थिति में डायल 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, आपदा हेल्पलाइन 1070 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क करने की अपील की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

