अल्मोड़ा,13 मई (आरएनएस)। वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम और जनजागरूकता को लेकर बुधवार को विकासखंड लमगड़ा सभागार में वनाग्नि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने वन संरक्षण और आग रोकथाम में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वन विभाग, राजस्व विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक सिंह रावत मौजूद रहे। चौपाल में अधिकारियों ने वनाग्नि से होने वाले पर्यावरणीय और आर्थिक नुकसान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से जंगलों में आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को देने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि वनाग्नि की घटनाओं को रोकने के लिए सामुदायिक सहयोग, सतर्कता और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी निवेदिता खुल्वे, सहायक खंड विकास अधिकारी हरीश सुयाल, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर नैनवाल सहित विकासखंड के कर्मचारी, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा रीप और एनआरएलएम से जुड़े कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में लोगों से अपने-अपने क्षेत्रों में वनाग्नि रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

