रायपुर, 14 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा दिल्ली दौरे पर हैं। दिल्ली में यह दोनों नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। साथ ही बस्तर में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी देंगे। नक्सल समाप्ति के बाद बदल रहे बस्तर के विकास को लेकर चल रहे सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं की पूरी समीक्षा केंद्रीय मंत्री के साथ होगी।
अमित शाह के साथ बस्तर के विकास पर चर्चा
दिल्ली दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव ने कहा, हम गृह मंत्री विजय शर्मा के साथ दिल्ली जा रहे हैं। वहां पर हमारी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री के साथ होगी। मुलाकात में बस्तर के विकास को लेकर चर्चा होगी। बस्तर में नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। अब वहां विकास को लेकर तेजी से प्रयास चल रहे हैं, इस बात की जानकारी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को दी जाएगी। साथ ही बस्तर में जो कार्य अभी तक अधूरे रहे हैं और जिन कार्यों को सरकार प्राथमिकता के आधार पर कर रही है उन सभी चीजों की जानकारी केंद्र के मंत्री को दी जाएगी।
आयुष्मान, आधार और राशन कार्ड बनाए जा रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड लोगों के लिए राशन कार्ड जो सरकार बना रही है उसका लक्ष्य क्या रखा गया था। अब तक उसमें कितना काम हुआ है ये सभी जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी जाएगी। उन्होंने कहा, बस्तर में चलाए जा रहे हैं सुरक्षा बलों द्वारा अभियान को लेकर आगे की किस तरह की रणनीति होनी चाहिए और आगे किस तरह से चलाया जाएगा इस बात की भी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री की समीक्षा बैठक में दी जाएगी।
19 मई को अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा
बता दें कि 19 मई को बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होने जा रही है। बैठक में शामिल होने देश के गृहमंत्री अमित शाह बस्तर आ रहे हैं। जिनकी अध्यक्षता में ये बैठक होगी। बैठक में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, इसमें नक्सलवाद समाप्ति के बाद सामाजिक, आर्थिक, विकास, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और अंतरराज्यीय मुद्दों पर चर्चा होगी।
खरीफ फसलों का बढ़ा एमएसपी, धान का बढ़ा समर्थन मूल्य
वहीं सीएम साय ने धान का एमएसपी बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। सीएम ने कहा, धान का समर्थन मूल्य बढ़ा गया है इससे अन्नदाता किसानों को लाभ होगा। बता दें कि 13 मई को पीएम मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। पिछले वर्ष की तुलना में एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि सूरजमुखी के बीज (622 रुपये प्रति क्विंटल), उसके बाद कपास (557 रुपये प्रति क्विंटल), नाइजरसीड (515 रुपये प्रति क्विंटल) और तिल (500 रुपये प्रति क्विंटल) बढाई गई है।
पेट्रोल डीजल कम खर्च करना पहली प्राथमिकता
वहीं पेट्रोल डीजल की कमी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, हमने अपने कारकेड की गाडिय़ों की संख्या को कम किया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों से आह्वान किया है कि तेल बचाने की दिशा में काम करना चाहिए और इसी को लेकर हमने अपनी गाडिय़ों की संख्या में कमी की है। आने वाले समय में इस पर और काम किया जाएगा।
एसएस
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

