बिलासपुर, 14 मई (आरएनएस)। बिलासपुर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है और इसी कड़ी में मस्तुरी पुलिस ने महुआ शराब बेचने वाले आरोपी को रंगे हाथ दबोचकर बड़ी कार्रवाई की है। गांव में खुलेआम कच्ची महुआ शराब बेचने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ रेड मारी और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। मामला थाना मस्तुरी क्षेत्र का है जहां पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी मस्तुरी लाल चंद मोहले के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण चंद सिदार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अवैध शराब कारोबारियों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान 13 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लावर नलपारा में एक व्यक्ति भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर दबिश दी और आरोपी चंद्रहास घृतलहरे पिता सुरजबली घृतलहरे उम्र 36 वर्ष निवासी रिस्दा थाना बलौदाबाजार जिला बलौदाबाजार को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई जिसकी कीमत करीब 3 हजार रुपये बताई गई। पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मस्तुरी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल बिलासपुर पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि गांव-गांव में फैल रहे अवैध नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे कारोबारियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

