पणजी,15 मई (आरएनएस)। गोवा में विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस को अपने युवा नेता डॉ केतन भाटिकर (38) की मौत से बड़ा झटका लगा है। भाटिकर गुरुवार रात को कर्नाटक के दांडेली गांव से आ रहे थे, तभी करमल घाट पर उनको जहरीले सांप ने काट लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। भाटिकर अप्रैल में रद्द हुए पोंडा विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार थे। उनकी मौत पर राहुल गांधी ने दुख जताया है।
भाटिकर किसी कार्यक्रम में दांडेली गए थे और गुरुवार देर रात गोवा लौट रहे थे। उनके साथ साथी सुशांत कवलेकर भी थे। गोवा-कर्नाटक सीमा पर करमल घाट से गुजरते समय उन्होंने ब्रेक लेने के लिए गाड़ी रोकी और नीचे उतर गए। तभी उन्हें शरीर के निचले हिस्से में किसी जहरीले सांप ने कांट लिया। सुशांत ने 108 पर एंबुलेंस बुलाई और धरबंदोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। उनके होंठ नीले पड़ चुके थे।
भाटिकर दक्षिण गोवा में पोंडा क्षेत्र के ही रहने वाले थे। उनके पिता किर्तिकुमार प्रभु भाटिकर चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख रहे हैं। केतन राज्य के प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट थे। वे केबी स्पार्क नाम से सफल क्लीनिक चलाते थे और स्पोर्ट्स इंजरी, एक्वाटिक थेरेपी और स्पाइनल ट्रीटमेंट पर विशेषज्ञता हासिल थी। उन्होंने गोवा रणजी टीम की फिजियो पर ध्यान दिया और फुटबॉल यूनिटी वर्ल्ड कप 2015 के प्रमुख फिजिथोरेपिस्ट के तौर पर कई देशों की टीमों के साथ काम किया है।
भाटिकर ने राजनीति की शुरूआत 2017 में गोवा सुरक्षा मंच से की थी। इसके बाद वे 2022 में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) में आ गए और पोंडा से चुनाव लड़ा। उनको भाजपा के रवि नाइक ने कुछ वोटों से हराया। फरवरी 2026 में ही भाटिकर एमजीपी छोड़कर कांग्रेस में आ गए। उनको नाइक के निधन से खाली हुई सीट के उपचुनाव में उम्मीदवार बनाया गया था। हालांकि, 9 अप्रैल को होने वाला चुनाव बॉम्बे हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया।
भाटिकर के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और गोवा के भाजपा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत समेत कई लोगों ने दुख जताया है। राहुल ने एक्स पर भाटिकर की तस्वीर साझा कर लिखा, गोवा के हमारे युवा कांग्रेस नेता केतन भाटीकर जी के असमय निधन से बहुत दुख हुआ। वे एक जाने-माने फिजियोथेरेपिस्ट थे, जिन्होंने कमिटमेंट और पक्के इरादे से लोगों की सेवा की। उनके परिवार, दोस्तों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

