सुल्तानपुर 17 मई (आरएनएस)। जय चामुंडा मां स्पेशल बताशा की कॉपी कर बाजार में खपाया जा रहा था घटिया माल, स्टॉक सील।
शहर में नकली खाद्य कारोबार का बड़ा मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। नामी ब्रांड जय चामुंडा मां स्पेशल बताशा की पैकिंग और नाम से मिलता-जुलता नकली ब्रांड बनाकर बाजार में घटिया क्वालिटी का बताशा बेचने की शिकायत पर शुक्रवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। शिकायतकर्ता रावल सिंह की सूचना पर सीओ सिटी सौरभ सामंत, नगर कोतवाल संदीप राय, खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संदिग्ध फैक्ट्री पर छापेमारी की।
छापे के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध बताशा, नकली पैकिंग सामग्री और ब्रांड से मिलती-जुलती छपी हुई बोरियां बरामद हुईं। टीम ने मौके पर मौजूद स्टॉक को सील कर सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। सूत्रों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से मशहूर ब्रांड की साख का फायदा उठाकर सस्ते और घटिया माल को बाजार में उतार रहे थे। कार्रवाई की भनक लगते ही मिलावटखोरों और नकली कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने साफ कहा है कि यदि जांच रिपोर्ट में मिलावट और ब्रांड कॉपी करने की पुष्टि होती है तो आरोपियों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के साथ कॉपीराइट उल्लंघन और धोखाधड़ी की धाराओं में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि कोई भी पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, बैच नंबर, निर्माण तिथि और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जरूर जांच लें, ताकि नकली और मिलावटी उत्पादों से बचा जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

