– कारीगरों को मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण व टूलकिट
फतेहपुर 17 मई (आरएनएस)। जनपद के पारंपरिक कारीगरों के कौशल विकास और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपायुक्त उद्योग ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर्जी, धोबी, मोची, कुम्हार, बढ़ई, लोहार, सुनार, राजमिस्त्री, हलवाई एवं नाई समेत विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े लोगों को 10 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण एवं टूलकिट प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन उत्तर प्रदेश एमएसएमई विभाग की वेबसाइट पर किए जाएंगे। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र, मानदेय तथा टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को विभागीय ऋण योजनाओं के अंतर्गत नियमानुसार ऋण सुविधा भी प्रदान की जा सकेगी। आवेदन हेतु आवश्यक दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं जिसमें पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र (एससी/एसटी एवं ओबीसी वर्ग हेतु), आयु प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), संबंधित ट्रेड से जुड़े होने का प्रमाण पत्र, जिसे ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, नगर पंचायत/नगरपालिका अध्यक्ष अथवा सभासद द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। वह जनपद फतेहपुर का स्थायी निवासी होना चाहिए। योजना के अंतर्गत एक परिवार से केवल एक ही व्यक्ति को लाभ दिया जाएगा। उन्होंने इच्छुक लाभार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र से संपर्क किया जा सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

